
बीकानेर, 25 जुलाई। पुलिस थाना रणजीतपुरा में शनिवार को सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा।
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तथा वृताधिकारी के सुपरविजन में थानाधिकारी रणजीतपुरा के नेतृत्व में आयोजित बैठक में सीएलजी सदस्यों, ग्राम रक्षकों, सुरक्षा सखियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों, संगठित अपराध, महिलाओं से संबंधित अपराधों तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, भ्रामक खबरों एवं अफवाहों से सावधान रहने, सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की।
इसके साथ ही नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।
बैठक में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्र के नागरिकों से सीमा सुरक्षा के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया गया।
अंत में उपस्थित सीएलजी सदस्यों एवं ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनसहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।