
बीकानेर, 27 जुलाई। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को बज्जू थाना परिसर में सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य नशा मुक्ति, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
बैठक महानिरीक्षक पुलिस, बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा आईपीएस तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा आरपीएस के निर्देशन में आयोजित की गई। इस दौरान कोलायत वृत्ताधिकारी संजीव सिंह आरपीएस की मौजूदगी में थानाधिकारी चरणजीत सिंह ने सीएलजी सदस्यों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से संवाद किया।
बैठक में उपस्थित लोगों को साइबर अपराध, संगठित अपराध, महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध तथा चोरी जैसी वारदातों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न प्रकार के नशे से दूर रहने, सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं अपुष्ट खबरों को लाइक, शेयर या प्रसारित नहीं करने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों की पालना करने की अपील की गई।
थानाधिकारी ने आमजन से कहा कि यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसके अलावा बाहरी मजदूरों एवं किरायेदारों का पुलिस सत्यापन करवाने की भी सलाह दी गई।
बैठक के अंत में सीएलजी सदस्यों एवं आमजन की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया गया तथा क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था और पुलिस-जन सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।