
श्रीडूंगरगढ़, 28 जुलाई 2026। ट्रॉमा सेंटर निर्माण एवं श्रीडूंगरगढ़–बीकानेर हाईवे को फोरलेन बनाने की जनहित मांग को लेकर निकली आव्हान रथ यात्रा मंगलवार को तीसरे दिन क्षेत्र के अनेक गांवों में पहुंची। आंदोलन के सूत्रधार युवा नेता हरिराम बाना ने ग्रामीणों से जनसंपर्क करते हुए आगामी 5 अगस्त को श्रीडूंगरगढ़ उपखंड मुख्यालय पर आयोजित विशाल जनआंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
बाना ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ट्रॉमा सेंटर और फोरलेन हाईवे की मांग किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के जनहित और जनसुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में समय पर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ट्रॉमा सेंटर का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
तीसरे दिन आव्हान रथ जैसलसर, अभयसिंहपुरा, बिग्गा, सातलेरा, कितासर बीदावतान, कितासर भाटियान, शीतलनगर, धीरदेसर चोटियान, कुंतासर, रामसरा, अमृतवासी, इंदपालसर हीरावतान एवं इंदपालसर गुसाईंसर सहित अनेक गांवों में पहुंचा। सभी स्थानों पर ग्रामीणों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों ने आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए 5 अगस्त को होने वाले महाप्रदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचने का भरोसा दिलाया।
बाना ने कहा कि पिछले तीन दिनों से लगातार गांव-गांव जाकर जनसंपर्क किया जा रहा है और क्षेत्रवासियों का मिल रहा समर्थन यह दर्शाता है कि यह आंदोलन अब जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान भगवाननाथ कलवानियां, जगराम बाना, ओमप्रकाश डोगीवाल, मोशीन खान, दिनेश पिलानियां, सुभाष, नारायण डूडी, बुधराम गांधी, लालचंद कड़वासरा, डूंगर सिवंर, बीरबल साईं, नरेंद्र धतरवाल, शंकर नायक, बाबूलाल गोदारा, गणेश खिलेरी, मनोज गोदारा, तुलसीराम जाखड़ एवं संतोष डूडी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।