
बीकानेर, 11 अगस्त 2026। पुलिस थाना पांचू ने एटीएम कैश वैन से लूटे गए 46 लाख रुपये बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया है। आरोपियों से घटना के संबंध में गहन पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री मयंक मम्रक (आईपीएस), पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री बनवारीलाल मीणा (आरपीएस) के निर्देशन में तथा वृत्ताधिकारी नोखा श्री सुरेन्द्र सिंह के निकट सुपरविजन में पुलिस थाना पांचू थानाधिकारी श्री ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
घटना का विवरण
दिनांक 05 अगस्त 2026 को श्री आदित्य राठौड़, निवासी बीकानेर, हेड ब्रांच मैनेजर, सीएसएसएस इन्फोसिस्टम लिमिटेड बीकानेर द्वारा पुलिस थाना पांचू में रिपोर्ट दी गई कि उनकी कंपनी विभिन्न बैंकों से नकदी प्राप्त कर एटीएम में नकदी लोड करने का कार्य करती है।
दिनांक 05 अगस्त को कंपनी की टीम कैश वैन सहित सुरपुरा के लिए रवाना हुई थी। दोपहर करीब 3 बजे सुरपुरा से लगभग 5–7 किलोमीटर पहले पीछे से बिना नंबर प्लेट की एक कैंपर गाड़ी आई। कैंपर से 2–3 अज्ञात व्यक्ति नीचे उतरे। आरोपियों में से एक ने चालक के सिर पर हथियार रखकर जान से मारने की धमकी दी तथा अन्य कर्मचारियों को भी डराया।
आरोपियों ने कैश वैन में रखे कैश बॉक्स सहित करीब 51 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
रिपोर्ट पर पुलिस थाना पांचू में प्रकरण संख्या 225/2026, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया—
श्रीमन्तर पुत्र रघुनाथ, उम्र 20 वर्ष, निवासी स्वरूपसर, पुलिस थाना पांचू, जिला बीकानेर।
विक्रम सिंह पुत्र देवपाल सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी राणकड़, हाल बाबा छोटूनाथ कॉलोनी, नोखा, पुलिस थाना नोखा, जिला बीकानेर।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से 7 दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया गया।
46 लाख रुपये बरामद
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में लूटी गई रकम में से 46 लाख रुपये गांव लाखासर की रोही से बरामद किए गए। पुलिस द्वारा शेष रकम एवं घटना में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में गहन पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्री ईश्वर प्रसाद, पुलिस उप निरीक्षक श्री पप्पूलाल, सहायक उप निरीक्षक श्री संतोष, हेड कांस्टेबल श्री रणाराम, कांस्टेबल श्री धननाराम एवं कांस्टेबल श्री सुनील कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।