
नोखा, बीकानेर। पुलिस थाना नोखा ने झूठे प्रकरण दर्ज कराने वाले परिवादियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए पांच परिवादियों के खिलाफ धारा 217 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस मुख्यालय से जानबूझकर झूठे प्रकरण दर्ज करवाने वाले परिवादियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश प्राप्त होने के बाद पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश एवं जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशन में अभियान चलाया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा एवं वृत्ताधिकारी नोखा जगदीश सिंह आरपीएस के निर्देशन में थानाधिकारी नोखा गोविंद सिंह चारण द्वारा पूर्व में दर्ज प्रकरणों की जांच एवं न्यायालयीन रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि कुछ परिवादियों द्वारा जानबूझकर तथ्यों को छिपाकर एवं गलत जानकारी देकर पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज करवाए गए थे। पुलिस अनुसंधान में ये प्रकरण झूठे पाए गए तथा बाद में माननीय न्यायालय द्वारा एफआर स्वीकार की गई।
ऐसे झूठे प्रकरणों की जांच में पुलिस का अनावश्यक समय एवं संसाधन खर्च होने के साथ-साथ राजकोष पर भी अनावश्यक भार पड़ता है। इसी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना नोखा द्वारा धारा 217 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
इन पांच मामलों में कार्रवाई
1. प्रकरण संख्या 269/2023 — परिवादी प्रकाश पुत्र हरिराम, निवासी मावकिया।
2. प्रकरण संख्या 19/2024 — परिवादी भीखसिंह पुत्र गिरधारीसिंह, निवासी वैयांदेसर।
3. प्रकरण संख्या 162/2024 — परिवादिया वसुंधरा पत्नी गौरवाराम, निवासी नोखा।
4. प्रकरण संख्या 427/2024 — परिवादी श्रवण पुत्र सगनचंद, निवासी कुम्हारों का चौक, नोखा।
5. प्रकरण संख्या 530/2024 — परिवादी कालूराम पुत्र किशनाराम, निवासी धुपालिया।