नगरीय निकाय आम चुनाव-2026: आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः पालना हो सुनिश्चित

Description of image

 

बीकानेर, 20 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन ने कहा कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसकी अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए।

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए नियुक्त प्रकोष्ठ प्रभारियों और सहप्रभारियों की बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त को सदस्य पद के लिए लोक सूचना जारी होगी। नामांकन पत्र 31 अगस्त तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे तथा 1 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। अभ्यर्थिता वापिस लेने की अंतिम तिथि 3 सितम्बर निर्धारित की गई है। चुनाव चिह्नों का आवंटन 4 सितम्बर को होगा तथा प्रथम चरण में जिले की छह नगर पालिकाओं के लिए 9 सितम्बर एवं बीकानेर नगर निगम के लिए 11 सितम्बर को मतदान होंगे। मतगणना 14 सितम्बर को होगी।

 

श्री जैन ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन प्रक्रिया को सम्पन्न करवाने के लिए विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन किया गया है तथा इनके प्रभारी एवं सहप्रभारी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकोष्ठ प्रभारी, निर्वाचन आयोग के निर्देशों को अक्षरशः पढ़ लें तथा सुनिश्चित करें कि इनकी शत-प्रतिशत अनुपालना हो। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठ अविलम्ब एक्टिव मोड पर आ जाएं। प्रत्येक कार्य निर्धारित समय सीमा में हो। आयोग को सभी सूचनाएं भी समयबद्ध और सटीकता से भेजी जाएं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने दैनिक कलैण्डर का निर्धारण करते हुए इसके अनुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने विभिन्न प्रकोष्ठों द्वारा अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली तथा कहा कि प्रत्येक प्रकोष्ठ एवं उनके कार्य निर्वाचन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी अपनी भूमिका को समझे। आचार संहिता की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रकोष्ठों में आवश्यकता के अनुसार न्यूनतम कार्मिकों को नियोजित किया जाए। निर्वाचन से संबंधित सभी प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम अनुसार हों। मतदाता जागरुकता की गतिविधियां भी नियमित रूप से आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार इलेक्शन मेनुअल के अनुसार हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

 

बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी, बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती धायगुडे स्नेहल नाना, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) श्रीमती रीना सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहप्रभारी मौजूद रहे।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

संत शिरोमणि श्री तुलसीदास जयंती पर सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन

बीकानेर। संत शिरोमणि श्री तुलसीदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में गंगाशहर स्थित रिद्धि-सिद्धि…