
बीकानेर। पुलिस थाना गंगाशहर ने नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी नकबजनी की वारदात में शामिल रहा, जबकि दूसरा चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पुलिस द्वारा गहन पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को परिवादिया रेनू गहलोत निवासी सुजानदेसर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह मकान पर ताला लगाकर शहर से बाहर गई हुई थी। पीछे से अज्ञात चोर रात के समय मकान का ताला काटकर अंदर घुसे और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी गंगाशहर प्रह्लाद राय के नेतृत्व में थानाधिकारी गणेश कुमार विश्नोई की निगरानी में टीम गठित की गई। टीम ने सूचना संकलन एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर नकबजन जगदीश कुमार लखेसर, उम्र 29 वर्ष, निवासी भीनासर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अनिल कुमार ब्राह्मण एवं राहुल नायक के साथ बीकानेर शहर में नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपी द्वारा चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण संजय सोनी, उम्र 40 वर्ष, निवासी नई लाइन गंगाशहर को बेचने की बात सामने आई। इस पर चोरी का सामान खरीदने के आरोपी संजय सोनी को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस दोनों आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों एवं बरामदगी के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
जगदीश कुमार लखेसर पुत्र कानिराम लखेसर, उम्र 29 वर्ष, निवासी पाबूजी मंदिर के पास, भीनासर।
संजय सोनी पुत्र गौरीशंकर सोनी, उम्र 40 वर्ष, निवासी चौपड़ा स्कूल के पास, डी.एस. ज्वैलर्स, नई लाइन, गंगाशहर।
पुलिस टीम: थानाधिकारी गणेश कुमार विश्नोई, उपनिरीक्षक हेतराम, हेड कांस्टेबल संजय कुमार सहित पुलिस थाना गंगाशहर की टीम।