
बीकानेर। नापासर थाना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शेरेंरां गांव में दो बंद मकानों में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, गलपटिया, छोटा फूलड़ा, फूलड़ों का हार, गणेशजी की छोटी मूर्ति सहित नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को परिवादी दीनदयाल निवासी शेरेंरां ने अपने व भाई भागीरथ के सूने मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, तीन मोबाइल फोन और 23,500 रुपये नकद चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया तथा पूछताछ के बाद चोरी का सामान बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजदेव गोदारा पुत्र भैराराम गोदारा, उम्र 27 वर्ष, निवासी गांव आसैरा, थाना नापासर, बीकानेर के रूप में हुई है। आरोपी से पुलिस द्वारा गहनता से पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में थानाधिकारी कविता पुनिया के निर्देशन में एएसआई मूलाराम सहित पुलिस टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना और चोरी एवं नकबजनी की वारदातों का शीघ्र खुलासा करना है।