
बीकानेर। एसएमएस दिव्यांग सेवा संस्था एवं पैरा स्पोर्ट्स बीकानेर की ओर से दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आवश्यक खेल सामग्री भेंट की गई। कार्यक्रम का आयोजन बैद बोरड एंड कंपनी में किया गया।
इस अवसर पर दिव्यांग खिलाड़ी रुचिका गहलोत, नीरज भाटी, धीरज जैन एवं मोहम्मद ऊसेद को विभिन्न खेलों के लिए आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। संस्था का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।
संस्था की अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित प्रशिक्षण, खेल सामग्री और आवश्यक सहयोग मिले तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। संस्था द्वारा लगातार दिव्यांग खिलाड़ियों को आत्मनिर्भर बनाने तथा खेलों के माध्यम से उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष सीए नरेंद्र जी सांड, दिलीप गुप्ता, अरिहंत सुखानी, साहिल चोपड़ा, मधु गहलोत, प्रेम जी गहलोत सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।