
बीकानेर, 18 सितम्बर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा, 2021 (गृह विभाग) का आयोजन रविवार को दो पारियों में जिले के 47 परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा।
पहली पारी में प्रातः 10 से दोपहर 12 बजे सामान्य हिन्दी तथा दूसरी पारी में दोपहर 3 से सायं 5 बजे तक सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान के प्रश्न पत्र का आयोजन होगा। परीक्षा के लिए 29 सरकारी और 18 निजी विद्यालयों का चिन्हीकरण किया गया है। अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) श्रीमती रीना को परीक्षा समन्वयक तथा जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक (मुख्यालय) डाॅ. रामगोपाल शर्मा सह समन्वयक नियुक्त किया गया है।
वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री चक्रवर्ती सिंह राठौड़ को पुलिस नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला मुख्यालय पर नियंत्रण कक्ष 0151-2226031 प्रारम्भ कर दिया गया है। परीक्षा के लिए कुल 13 हजार 584 अभ्यर्थी पंीजकृत हैं। परीक्षा के लिए कुल 1 हजार 132 वीक्षक, 65 आॅब्जर्वर, 16 उप समन्वयक, 18 उपसमन्वयकों की नियुक्ति के साथ कुल 8 उड़नदस्ते गठित किए गए हैं। प्रत्येक उड़नदस्ते में राजस्थान प्रशासनिक, पुलिस और शिक्षा सेवा के एक-एक अधिकारी को सम्मिलित किया गया है।
*अनुपस्थिति पर होगी सख्त कार्यवाही*
परीक्षा समन्वयक श्रीमती रीना ने बताया कि सरकारी परीक्षा केन्द्रों पर 50 प्रतिशत तथा निजी केन्द्रों पर 75 प्रतिशत वीक्षकों के रूप में सरकारी कार्मिकों को नियुक्त किया गया है। उन्होंने सभी वीक्षकों को परीक्षा पूर्व तैयारी बैठक के लिए शनिवार को समस्त केन्द्राधीक्षकों को अपनी उपस्थिति देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सख्त हिदायत दी है कि यदि कोई वीक्षक ड्यूटी से अनुपस्थित रहा तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
*प्रत्येक केन्द्र पर रहेंगे दो वीडियोग्राफर*
परीक्षा समन्वयक ने बताया कि पुलिस और प्रशासन द्वारा पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजन की सम्पूर्ण तैयारियां कर ली गई हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर दो-दो वीडियोग्राफर रहेंगे। पुलिस द्वारा भी सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रश्नपत्रों की प्राप्ति, संग्रहण, वितरण से लेकर परीक्षा समाप्ति पश्चात् सील्ड पैकेट्स को आयोग को भेजे जाने की सम्पूर्ण गतिविधियांे की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
*साठ मिनट पूर्व तक ही दिया जाएगा प्रवेश*
श्रीमती रीना ने बताया कि परीक्षा केन्द्र में किसी भी परीक्षार्थी को प्रत्येक प्रश्न-पत्र की परीक्षा प्रारम्भ होने से 60 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र पर पहचान के लिए नवीनतम मूल आधार कार्ड लेकर उपस्थित होना होगा। आधार कार्ड पर फोटो पुरानी अथवा अस्पष्ट होने की स्थिति में अन्य मूल फोटा पहचान पत्र यथा ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र जिसमें रंगीन व नवीनतम स्पष्ट फोटो हो, लेकर परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होना होगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा केन्द्र पर सुरक्षा जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं पहचान का कार्य किया जाएगा, इसके मद्देनजर परीक्षा प्रारम्भ होने से लगभग दो घंटे पहले उपस्थित होने पर आवश्यक जांच के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
*करेक्शन पेन, व्हाइटनर सहित विभिन्न चीजों पर रहेगा प्रतिबंध*
श्रीमती रीना ने बताया कि परीक्षा केन्द्र में करेक्शन पेन, व्हाइटनर और सफेदा लाने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थी को लाख अथवा कांच की पतली चूड़ियों के अलावा अन्य किसी प्रकार के जेवरात, किसी प्रकार की घड़ी, धूप का चश्मा, बैल्ट, हैंड बैग, हेयर पिन, गण्डा, ताबीज, कैप, हैट, स्काॅर्फ, स्टाॅल, शाॅल अथवा मफलर पहनने की अनुमति नहीं होगी। पुरूष अभ्यर्थी आधी आस्तीन के शर्ट, टीशर्ट, कुर्ता, पेंट, पायजामा एवं हवाई चप्पल पहनकर आएंगे।
महिला अभ्यर्थी सलवार सूट या साड़ी, आधी आस्तीन का कुर्ता ब्लाउज, हवाई चप्पल, स्लीपर पहनकर और बालों में साधारण रबड़ बैण्ड लगाकर आएंगी, इससे सुरक्षा जांच में सहयोग मिलेगा। सिख धर्म के अभ्यर्थियों को कड़ा, कृपाण और पगड़ी आदि धार्मिक प्रतीेक धारण कर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।
—–