
बीकानेर, 18 सितंबर। पुलिस थाना बज्जू ने चोरी व नकबजनी की वारदातों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 2 हजार रुपये के इनामी अपराधी पशुमचन्द उर्फ प्रदीप पुत्र जोराराम, जाति विश्नोई, उम्र 32 वर्ष, निवासी शिवनगर सोढादड़ा, थाना बाप, जिला फलौदी को गिरफ्तार किया है।
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश IPS एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा IPS के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीकानेर ग्रामीण बलवानीलाल मीणा RPS तथा वृत्ताधिकारी कोलायत जयपाल सिंह RPS के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस थाना बज्जू के थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह भाटी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अमित मीणा मय पुलिस टीम ने आरोपी को 16 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया।
घटना का विवरण:
17 दिसंबर 2025 की रात्रि में बज्जू थाना क्षेत्र के गांव बीकमपुर में नरपत ओड़ की बोलेरो कैंपर गाड़ी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई थी। मामले में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान चोरी की गई बोलेरो कैंपर को बरामद करते हुए गाड़ी खरीदने वाले पाबूगढ़ खुणियाला, जिला जोधपुर निवासी नरपत सेन तथा सेंदड़ा की ढाणियां निवासी प्रेम सिंह राठौड़ को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था।
बोलेरो कैंपर चोरी करने वाला पशुमचन्द उर्फ प्रदीप घटना के बाद से फरार चल रहा था। आरोपी अन्य थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातों में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक बीकानेर द्वारा 2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। आरोपी से बीकमपुर वाहन चोरी के अलावा चोरी एवं नकबजनी की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध चोरी व नकबजनी सहित 20 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। पूछताछ में बज्जू थाना क्षेत्र के साथ-साथ अन्य स्थानों पर हुई वारदातों के खुलासे की संभावना है।