₹51 लाख की ATM कैश वैन लूट का एक और आरोपी गिरफ्तार, 10 हजार का था इनाम

बीकानेर। पांचू थाना पुलिस ने एटीएम कैश वैन लूट के मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी अशोक जाट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 5 अगस्त 2026 को सारुण्डा रोड पर हथियारों के दम पर एटीएम कैश वैन से 51 लाख रुपये लूटने की वारदात में शामिल होने का आरोप है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।

 

हथियारों के दम पर लूटे थे 51 लाख रुपये

 

पुलिस के अनुसार, सीएमएस इन्फो सिस्टम लिमिटेड, बीकानेर के ब्रांच मैनेजर आलोक रावत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 5 अगस्त 2026 को कंपनी की टीम बैंक शाखाओं से नकदी एकत्रित कर एटीएम मशीनों में कैश डालने के लिए वाहन से रवाना हुई थी।

 

टीम जब नोखा से सारुण्डा की तरफ जा रही थी, तब सारुण्डा रोड पर करीब 5 से 7 किलोमीटर पहले पीछे से बिना नंबर प्लेट की एक कैंपर गाड़ी आई। उसमें से दो-तीन व्यक्ति उतरे। आरोप है कि उनमें से एक ने वाहन चालक के सिर पर बंदूक तान दी और सभी कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी।

 

इसके बाद आरोपी हथियारों के दम पर कैश वैन में रखा नकदी से भरा बॉक्स लूटकर फरार हो गए। बॉक्स में करीब 51 लाख रुपये बताए गए। इस संबंध में पुलिस थाना पांचू में प्रकरण संख्या 225/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 

कैश वैन कर्मचारी ने रची थी साजिश

 

पुलिस जांच में सामने आया कि सीएमएस इन्फो सिस्टम लिमिटेड में कार्यरत कैश वैन कर्मचारी विक्रम सिंह कच्छवाह की जिम्मेदारी बैंकों से नकदी प्राप्त कर नोखा स्थित एटीएम मशीनों में डालने की थी।

 

पुलिस के अनुसार, विक्रम सिंह ने अपने साथी श्यामसुंदर और अन्य लोगों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। योजना के तहत 5 अगस्त को कैश वैन को नोखा से सारुण्डा की ओर ले जाया गया, जहां कथित रूप से हथियारों के दम पर कर्मचारियों को डराकर नकदी से भरा बॉक्स लूट लिया गया।

 

इस मामले में पुलिस पहले ही कैश वैन कर्मचारी विक्रम सिंह कच्छवाह सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, उनसे करीब 46 लाख रुपये की बरामदगी की जा चुकी है।

 

10 हजार का इनामी अशोक जाट गिरफ्तार

 

पुलिस ने मामले में वांछित चल रहे आरोपी अशोक पुत्र सुरजाराम, जाति जाट, उम्र 22 वर्ष, निवासी दावां, पुलिस थाना नोखा, जिला बीकानेर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

 

पुलिस आरोपी से वारदात के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और शेष राशि के संबंध में अनुसंधान जारी है।

 

इनके निर्देशन में हुई कार्रवाई

 

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा के निर्देशन में की गई। नोखा वृत्ताधिकारी के निकट सुपरविजन में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

 

पुलिस टीम में शामिल

 

ईश्वर प्रसाद जांगिड़, थानाधिकारी, पांचू

 

पप्पूलाल, सहायक उपनिरीक्षक

 

रामनिवास, सहायक उपनिरीक्षक

 

सुनील कुमार, कांस्टेबल

 

नारायणराम, कांस्टेबल

 

रामेश्वर, कांस्टेबल

 

गणेशाराम, कांस्टेबल

 

 

रिपोर्ट | सिटी बीकानेर

नेशनल न्यूज़ लाइव चैनल | सच राजस्थान न्यूज़

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

पंचायती राज आम चुनाव में मतदान के दिन श्रमिकों को मिलेगा सवैतनिक अवकाश

  बीकानेर,16 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा प्रदेश में पंचायती राज संस…