जोड़बीड़ आवासीय योजना में मकान बनाने वाले पहले 21 आवंटियों को मिलेंगी कई राहतें

 

बीकानेर, 7 नवम्बर। जोड़बीड़ आवासीय योजना में मकान बनाकर रहने वाले पहले 21 आवंटियों को बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 70 हजार रुपए निर्माण शुल्क (लेबर सेस के अलावा) की छूट दी जाएगी। साथ ही इन इक्कीस आवंटियों के घरों में 50 हजार रुपए की लागत से रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर का निर्माण भी बीडीए द्वारा ही करवाया जाएगा।

 

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने शनिवार को जोड़बीड़ आवासीय योजना में आयोजित जनसुनवाई एवं संवाद कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। इस दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) श्री उम्मेद सिंह रतनू, बीडीए उपायुक्त श्री कुणाल राहड़, उप महापौर श्री पंकज गहलोत, श्री तेजा राम मेघवाल, अधिशासी अभियंता श्रीमती वंदना शर्मा, निदेशक (प्लानिंग) श्री पुनीत शर्मा सहित अन्य अधिकारी और आवंटी मौजूद रहे।

 

इस दौरान श्री गोदारा ने कहा कि जोधपुर आवासीय योजना राज्य सरकार और स्थानीय बीडीए प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है। यहां लगभग 5600 भूखंड हैं। इन सभी भूखण्डों पर मकान बनने पर यह बहुत बड़ी आवासीय योजना का रूप ले लेगी। उन्होंने कहा कि इस आवासीय योजना का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें धन और संसाधनों की किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

 

*मुख्यमंत्री का विजन है बीकानेर का सर्वांगीण विकास*

 

खाद्य मंत्री ने कहा कि बीकानेर का सर्वांगीण विकास मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा का विजन है। उन्होंने जोड़बीड़ आवासीय कॉलोनी में बनने वाले बीडीए के कार्यालय भवन का शिलान्यास किया। जल्दी ही इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। दो साल में यह कार्य पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि अगली दिवाली तक यहां बीडीए से जुड़े कुछ कार्यालय शुरू हो जाएं, ऐसा प्रयास किया जाए। उन्होंने बताया कि यहीं 35 करोड रुपए की लागत से आयुर्वेद महाविद्यालय बनाया जाएगा। इसी क्षेत्र में अन्य सरकारी कार्यालय भी खुलवाने के प्रयास होंगे, जिससे क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो सके।

 

*बनेगी 12 मीटर चौड़ी रोड, लाइट्स से रोशन होगी सड़कें*

 

खाद्य मंत्री ने बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त को निर्देश दिए की शिवबाड़ी चौराहे से शिवबाड़ी मंदिर तक की 800 मीटर सड़क को 7 मीटर से बढ़ाकर 12 मीटर चौड़ा किया जाए। इसके दोनों तरफ लाइटें लगाएं तथा नाली की व्यवस्था भी हो। उन्होंने शिवबाड़ी मंदिर से उष्ट्र अनुसंधान केंद्र तिराहे तक 2.6 किलोमीटर लंबी सड़क के दोनों तरफ रोड लाइट लगाने, इस रोड पर वाइट लाइनिंग करने तथा केट आईज लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उष्ट्र अनुसंधान केंद्र तिराहे पर हाई मास्क लाइट लगाने तथा उष्ट्र अनुसंधान केंद्र से जोड़बीड़ आवासीय योजना के मुख्य द्वार तक दोनों तरफ रोड लाइट दुरुस्त करने के लिए भी निर्देशित किया।

 

*आकर्षक हो मुख्य द्वार, लगाएं साइन बोर्ड, पौधारोपण के दिए निर्देश*

 

मंत्री श्री गोदारा में कहा कि आवासीय योजना की हाई मास्क लाइट अविलंब चालू की जाए। कॉलोनी के अंदर सभी रोड लाइटें अधिकतम एक महीने में अनिवार्य रूप से लगा दी जाएं। मुख्य द्वार को आकर्षक बनाया जाए तथा इसका सौंदर्यकरण किया जाए। साथ ही कॉलोनी परिसर में अधिक से अधिक पौधे लगाने, साइन बोर्ड बनाने तथा मुख्य द्वार के पास पड़ी मिट्टी को उठवाने के निर्देश दिए।

 

*पेयजल और विद्युत सप्लाई से लेकर सुरक्षा तक ही होगी पुख्ता व्यवस्था*

 

खाद्य मंत्री ने आवासीय कॉलोनी परिसर में पेयजल और विद्युत की सुचारू सप्लाई सहित सुरक्षा व्यवस्था चौक चौबंद करने के निर्देश दिए। इस संबंध में बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त ने बताया कि जोड़बीड़ आवासीय योजना में पेयजल की स्थाई व्यवस्था के लिए 30 करोड रुपए की योजना बनाकर जलदाय विभाग को स्वीकृति के लिए भेज दी गई है। अगले सप्ताह तक यह स्वीकृति मिलने के साथ ही पेयजल सुविधा विकास से जुड़े कार्य प्रारंभ करवा दिए जाएंगे। खाद्य मंत्री ने निर्देश पर अतिरिक्त कलेक्टर (प्रशासन) ने बताया कि आवासीय योजना में होमगार्ड के छह जवान यहां राउंड दा क्लॉक नियुक्त किए जाएंगे। श्री गोदारा ने इनके लिए कक्ष बनाने और सुरक्षा कक्ष का हेल्पलाइन नंबर साझा करने के निर्देश दिए। बीडीए आयुक्त ने बताया कि कॉलोनी में विद्युत तंत्र विकसित करने के लिए बीकानेर इलेक्ट्रिकल सप्लाई लिमिटेड को 4.24 करोड़ रुपए हस्तान्तरित कर दिए गए हैं। आवंटी द्वारा विद्युत कनेक्शन के आवेदन करने के साथ ही प्राथमिकता से उन्हें कनेक्शन उपलब्ध करवा दिया जाएगा।

 

*पहला मकान बनाने वाले के नाम से पथ और गलियों के होंगे नाम*

 

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि आवासीय योजना में सबसे पहले मकान बनाकर रहने वाले आवंटी द्वारा सुझाए आधार पर मुख्य मार्ग का नामकरण किया जाएगा। इसी प्रकार विभिन्न गलियों में पहला मकान बनाने वाले आवंटी के सुझाव पर उस गली का नामकरण किया जाएगा, जो हमेशा प्रभावी रहेगा। खाद्य मंत्री ने निर्माण स्वीकृति जारी करने का कार्य बीडीए द्वारा एकल खिड़की व्यवस्था के तहत किया जाए। यहां पानी की स्थाई व्यवस्था नहीं होने तक निर्माण करवाने वाले आवंटियों को पर्याप्त पानी यहां बने 100 केएलडी के टैंक से पाइप लाइन अथवा टैंकर्स के माध्यम से उपलब्ध करवाया जाए।

 

बीडीए आयुक्त ने बताया कि कॉलोनी के ब्लॉक्स के डिमार्केशन का कार्य किया जा रहा है। कॉलोनी परिसर में सड़कों के लिए 9 करोड़ रुपए स्वीकृत करते हुए कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। खाद्य मंत्री ने कहा कि जो आवंटी, अपने प्लॉट्स पर आवास बनाना चाहते हैं, वे इसके लिए अप्लाई करें, आवेदन के दस दिन में बीडीए द्वारा आवेदकों के प्लॉट्स का डिमार्केशन कर दिया जाएगा। उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक के कॉर्नर प्लॉट्स का डिमार्केशन प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्देशों की नियमित समीक्षा की जाएगी।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

छह दिन, छह संकल्प और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, IGNP की छात्राओं ने हरित दीपावली का जगाया अलख

  बीकानेर, 7 नवंबर। पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार या किसी संस्था की नहीं,…