बीकानेर, 7 नवंबर। पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार या किसी संस्था की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। इसी सोच को साकार करते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आईजीएनपी कॉलोनी की छात्राओं ने छह दिवसीय ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। 2 से 7 नवंबर तक चले इस अभियान का शनिवार को समापन हुआ। सप्ताहभर छात्राओं ने पोस्टर, चित्रकला, स्लोगन, वीडियो संदेश और विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के जरिए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान प्रत्येक दिन पर्यावरण से जुड़े अलग-अलग विषयों पर गतिविधियां आयोजित की गईं। पहले दिन ऊर्जा एवं बिजली संरक्षण, दूसरे दिन जल संरक्षण, तीसरे दिन भोजन की बर्बादी रोकने, चौथे दिन प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा पांचवें दिन ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण और पुनर्चक्रण के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संदेश दिया।
हरित दीपावली के लिए छात्राओं ने दिलाई शपथ
समापन दिवस पर कचरा निस्तारण एवं उचित अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर विशेष गतिविधि आयोजित की गई। दीपावली अवकाश के चलते छात्राओं ने घरों से ही ऑनलाइन एवं व्यक्तिगत सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। उन्होंने गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
छात्राओं ने आमजन से अपील की कि दीपावली पर मिट्टी के दीपक जलाएं, अनावश्यक बिजली की खपत से बचें, प्लास्टिक की सजावट का उपयोग न करें और पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को कम करें। उनका संदेश रहा कि दीपावली खुशियों और प्रकाश का पर्व है, इसे प्रदूषण नहीं बल्कि स्वच्छता, सादगी और पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाएं।
छात्राओं की रचनात्मकता ने दिखाई प्रतिभा
अभियान में सीता चौधरी, अंजू बिश्नोई एवं बनारसी सहित अन्य छात्राओं ने पोस्टर, चित्रकला और वीडियो संदेशों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि छात्रा सीता चौधरी को 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जा चुका है।
विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों से सफल हुआ अभियान
प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक सप्ताह तक चलने वाला अभियान नहीं, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उपप्राचार्य गणेश चौधरी एवं वंदना राठौड़ ने छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक अशोक व्यास ने छात्राओं में अनुशासन एवं पर्यावरण के प्रति सकारात्मक व्यवहार विकसित करने में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनीष विधानी ने गतिविधियों के समन्वय एवं प्रचार-प्रसार में सहयोग किया।
कार्यक्रम में मंजुल मुकुल वर्मा, पवन नायक, ताराचंद पायल, शमीम बानो, राजबाला चौधरी, सीमा शाऊ, शेषांक मिश्रा, रचना भाम्बरी, प्रीतम रांकावत सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों का सहयोग रहा। कार्यक्रम प्रभारी मनीता एवं रजनी गुर्जर ने विभिन्न गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मीडिया और जिला प्रशासन ने भी बढ़ाया उत्साह
सप्ताहभर आयोजित गतिविधियों को प्रिंट, डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्थान मिला। जिला कलेक्टर एवं जिला जनसंपर्क कार्यालय, बीकानेर द्वारा भी सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का प्रचार-प्रसार किया गया। विद्यालय परिवार ने मीडिया प्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
समापन पर विद्यालय परिवार ने संदेश दिया कि ऊर्जा एवं जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग, ई-कचरे का सुरक्षित निस्तारण और स्वच्छता को जीवनशैली में शामिल करना ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक कदम है।
