
बीकानेर, 28 जुलाई। बीकानेर जिले की पांचू थाना पुलिस ने बंद मकानों और ढाणियों की रेकी कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी एवं अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह के मुख्य वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को परिवादियों गिरधारीराम ब्राह्मण, राजूदेवी सुथार, मदनलाल सुथार एवं श्रवणराम सुथार, निवासी सुथारों की ढाणी, रोही सारूण्डा, थाना पांचू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात के समय अज्ञात बदमाशों ने उनके बंद मकानों और ढाणियों के ताले तोड़कर घरों में प्रवेश किया। आरोपियों ने कमरों की अलमारियां और लॉकर तोड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज ओमप्रकाश (आईपीएस) एवं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा और पुलिस उपाधीक्षक वृत्त नोखा के सुपरविजन में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान मार्च से जून 2026 के बीच सुथारों की ढाणी, सारूण्डा क्षेत्र में बंद मकानों में हुई चोरी की वारदातों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने मुख्य वांछित आरोपी महेश सुथार पुत्र कानाराम सुथार (28 वर्ष), निवासी निम्बोला, थाना पांचौड़ी, जिला नागौर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। मामले में अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद, सहायक उपनिरीक्षक रामनिवास ज्याणी, सहायक उपनिरीक्षक संतोषनाथ तथा कांस्टेबल लीलाराम की विशेष भूमिका रही।