
बीकानेर,2 अगस्त। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (एसकेआरएयू), बीकानेर के मानव संसाधन निदेशालय में रविवार को विद्यार्थी नशा मुक्त युवा” कार्यक्रम के लाइव प्रसारण से जुड़े । कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय, बीकानेर तथा सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय, बीकानेर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों व अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी उद्बोधन का लाइव प्रसारण देखा तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने हेतु नशामुक्ति की शपथ ली।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण निदेशक डॉ. एच. एल. देशवाल ने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. परिमिता खत्री तथा कृषि महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश मीणा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डॉ. सुरेन्द्र कुमार यादव तथा डॉ. अर्जुन लाल यादव सहायक आचार्य, कृषि महाविद्यालय, बीकानेर ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।
प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प दिलाई गई।