सज मत श्याम नजर लग जाएगी, बरसाने की गुजरी तेरे पर मर जाएगी” निर्जला एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भजनों से गूंजा बाबा का दरबार

Description of image

बीकानेर। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर जयपुर रोड स्थित खाटू श्याम बाबा मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें बाबा के दर्शन के लिए लगनी शुरू हो गईं। दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा और मंदिर परिसर बाबा के जयकारों तथा भजनों की मधुर स्वर लहरियों से भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर भक्तों द्वारा बाबा के दरबार में “सज मत श्याम नजर लग जाएगी, बरसाने की गुजरी तेरे पर मर जाएगी” जैसे मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा दरबार भक्ति रस में डूब गया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और बाबा की भक्ति में लीन होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

निर्जला एकादशी को वर्षभर में आने वाली 24 एकादशियों में सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन उपवास रखने और भगवान की आराधना करने से सभी 24 एकादशियों के व्रत का पुण्य फल प्राप्त होता है। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने निर्जला व्रत रखा और बाबा के चरणों में पूजा सामग्री, मटकी, पंखा तथा अन्य धार्मिक वस्तुएं अर्पित कीं।

मंदिर को इस विशेष अवसर पर कमल के फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। बाबा का विशेष श्रृंगार चेतन शर्मा और किशन जोशी द्वारा कमल पुष्पों से किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया तथा साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर ट्रस्ट द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गईं। गर्मी से राहत देने के लिए लगभग 20 क्विंटल से अधिक दूध से तैयार पाइनएप्पल, बनाना और गुलाब फ्लेवर के शेक श्रद्धालुओं में प्रसाद स्वरूप वितरित किए गए। साथ ही मंदिर परिसर में छबील की विशेष व्यवस्था भी की गई, जिसमें कुलदीप चौधरी का विशेष सहयोग रहा। इसके अलावा मंदिर में आए प्रसाद स्वरूप फलों का भी श्रद्धालुओं में वितरण किया गया, जिससे भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

मंदिर ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी एवं सेवादार सुबह से ही सेवा कार्यों में जुटे रहे और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं को संभालते नजर आए।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के.के. शर्मा ने बताया कि निर्जला एकादशी का पर्व हर वर्ष अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। उन्होंने सभी भक्तों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर परिवार सदैव श्रद्धालुओं की सेवा के लिए तत्पर रहेगा।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

निर्जला एकादशी पर किशोरों और युवाओं ने दिया सेवा और संस्कार का संदेश

बीकानेर, 25 जून। एक ओर जहां आज की युवा पीढ़ी का एक वर्ग नशे की गिरफ्त में जकड़ता दिखाई दे …