
बीकानेर, 31 जुलाई। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कार्मिक), राजस्थान, जयपुर बीजू जॉर्ज जोसेफ की अध्यक्षता में शुक्रवार को रेंज कार्यालय, बीकानेर में कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ओमप्रकाश तथा मृदुल कछावा की उपस्थिति रही। इस दौरान बीकानेर जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों की प्रगति, अपराधों की रोकथाम तथा पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिले के सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सभी पुलिस उप अधीक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री बीजू जॉर्ज जोसेफ ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, गंभीर मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशीलता, सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी रणनीति अपनाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की मजबूती तथा पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।