
बीकानेर, 9 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार को ज़िला मुख्यालय पर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर निशान्त जैन प्रभात फेरी में शामिल हुए। श्रीमती सुमन छाजेड़, श्री सत्य प्रकाश आचार्य, श्री अशोक प्रजापत, श्री श्याम सिंह हाडला, श्री चंपा लाल गेधर, श्री मुकेश ओझा, श्रीमती सुनीता हटीला, श्रीमती राधा खत्री, श्री रामकुमार व्यास, श्री राजाराम सिगड़ समेत अन्य जनप्रतिनिधि, सीईओ ज़िला श्रीमती शैलजा पांडेय, निगम और बीडीए कमिश्नर श्री सिद्धार्थ पलानीचामी, एसडीएम बीकानेर आईएएस सुश्री महिमा कसाना, आईएएस श्री मनु गर्ग, प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान के वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी श्री नितिन गोयल, सीडीईओ श्री महेंद्र शर्मा डीईओ माध्यमिक श्री राम गोपाल शर्मा डीईओ प्रारंभिक श्री केडी चारण, एसीईओ श्रीमती ऋतुराज महला, राजीविका डीपीएम श्री दिनेश कुमार मिश्रा, ज़िला परिषद आईईसी कॉर्डिनेटर श्री गोपाल जोशी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ डिस्ट्रिक्ट रन क्लब, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभात फेरी महारानी कन्या विद्यालय से रवाना होकर एम.एन. हॉस्पिटल, हनुमान हत्था एवं जूनागढ़ होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों एवं राष्ट्रप्रेम के संदेशों के साथ आमजन को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता करने तथा अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
*9 से 17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन*
जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिला, नगरीय निकाय, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
10 अगस्त को दोपहर 1 बजे ‘तिरंगा बाइक, ई-बाइक एवं साइकिल रैली’ आयोजित होगी। यह रैली अंबेडकर सर्किल से गांधी पार्क होते हुए जिला कलेक्ट्रेट तक जाएगी।
11 एवं 12 अगस्त को जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में सुबह 9 से शाम 6 बजे तक ‘तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले’ का आयोजन होगा। इसमें तिरंगे के महत्व पर आधारित फोटो एवं वीडियो प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, हाथ से तिरंगा निर्माण, राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत तथा स्थानीय उत्पादों से जुड़ी गतिविधियां होंगी।
13 एवं 14 अगस्त को महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में ‘विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी’ आयोजित की जाएगी। साथ ही जिला एवं पंचायत स्तर पर विभाजन विषयक प्रदर्शनियों एवं फिल्मों का प्रदर्शन होगा।
13 से 17 अगस्त तक सरकारी कार्यालयों, स्मारकों, प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा तथा प्रमुख स्थानों पर ‘तिरंगा कैनवास’ स्थापित किए जाएंगे। 14 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण के साथ नागरिकों को तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी। जिले के प्रमुख स्मारकों, सरकारी भवनों एवं अन्य प्रमुख इमारतों को तिरंगा रोशनी से सजाया जाएगा।
जिला कलेक्टर ने कहा कि अभियान की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आमजन से उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाने की अपील की।