
बीकानेर, 29 जुलाई। जिले के नोखा थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो अन्य स्थायी गिरफ्तारी वारंटों का भी नियमानुसार निस्तारण किया गया। इस प्रकार थाना नोखा पुलिस ने कुल पांच स्थायी गिरफ्तारी वारंटों का सफल निस्तारण किया है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश (आईपीएस) एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारी लाल मीणा (आरपीएस) तथा वृत्ताधिकारी नोखा जरनैल सिंह (आरपीएस) के सुपरविजन में की गई।
पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थानाधिकारी गोविंद सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने न्यायालय में विचाराधीन प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे तीन स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हरीराम (43) निवासी बंधाला, काली उर्फ प्रेमी (29) निवासी भादला तथा सुगनी देवी (40) निवासी भादला शामिल हैं। तीनों के विरुद्ध न्यायालय द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी थे।
इसके अतिरिक्त महबूब अली निवासी नोखा तथा तुलछाराम निवासी पांचू के विरुद्ध जारी दो स्थायी गिरफ्तारी वारंटों का भी नियमानुसार निस्तारण किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी गोविंद सिंह, एएसआई बलवंत सिंह, हेड कांस्टेबल रामेश्वरलाल, संतोष, कांस्टेबल तेजाराम एवं जेठू सिंह सहित थाना नोखा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि न्यायालय से फरार चल रहे आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।