
बीकानेर, 5 अगस्त। जिले में संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के अंतर्गत नशे की तस्करी से अर्जित 1 करोड़ 79 लाख 5 हजार 609 रुपये मूल्य की अवैध संपत्तियां फ्रीज करवाई हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में संगठित अपराधियों एवं मादक पदार्थ तस्करों द्वारा गैरकानूनी तरीके से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर सक्षम प्राधिकारी के आदेश से उन्हें फ्रीज किया गया।
कार्रवाई के दौरान सदर थाना क्षेत्र के सत्तार अली उर्फ सत्तार भुट्टा के दो रिहायशी मकान (कुल 1.10 करोड़ रुपये), परी एवं शहजाद के बैंक खातों में जमा राशि तथा फिरोज उर्फ जग्गु की दो कृषि भूमि को फ्रीज किया गया।
पुलिस के अनुसार, सत्तार अली एवं उसके पुत्रों के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं में अब तक 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके पुत्र सिकंदर अली, साजिद खान और साहिल हिस्ट्रीशीटर हैं तथा सत्तार अली की हिस्ट्रीशीटर पत्रावली भी खोली जा रही है। वहीं शहजाद अली और उसके पुत्र फिरोज उर्फ जग्गु के खिलाफ भी तीन-तीन गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।
एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि ऑपरेशन नीलकंठ के तहत जिले के अन्य मादक पदार्थ तस्करों की अवैध आय और संपत्तियों की भी पहचान की जा चुकी है। जांच पूरी होने के बाद उनके विरुद्ध भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।
बीकानेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करों और संगठित अपराधियों की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस हेल्पलाइन +91 87645 07201 पर भी जानकारी साझा की जा सकती है।
“नशे के विरुद्ध निर्णायक प्रहार, सुरक्षित समाज की ओर” – इसी संकल्प के साथ बीकानेर पुलिस का अभियान लगातार जारी है।