
बीकानेर, 26 अगस्त 2026। अग्रवाल समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात कर आगामी नगर निकाय चुनाव में समाज की सक्रिय राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने समाज की ओर से संभावित पार्षद उम्मीदवारों की सूची केंद्रीय मंत्री को सौंपते हुए भाजपा से योग्य एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को पार्टी का टिकट दिए जाने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अग्रवाल समाज हमेशा राष्ट्र, समाज और सनातन संस्कृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करता आया है, लेकिन राजनीतिक प्रतिनिधित्व के क्षेत्र में समाज की अपेक्षाकृत कम भागीदारी रही है। ऐसे में आगामी निकाय चुनाव में समाज को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना आवश्यक है।
अग्रवाल समाज अध्यक्ष सुशील बंसल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से आग्रह किया कि भाजपा की ओर से समाज के योग्य उम्मीदवारों को टिकट देकर उन्हें राजनीतिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इससे समाज में भाजपा के प्रति विश्वास और मजबूत होगा तथा समाज के लोग भी पार्टी के साथ कदम से कदम मिलाकर सामाजिक उत्थान एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में सुशील बंसल, गोपाल अग्रवाल, शशांक गंगल, राजेंद्र गुप्ता, संजय गुप्ता, सतेन्द्र गुप्ता एवं पंकज अग्रवाल सहित अन्य समाजबंधु शामिल रहे।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद पद के संभावित उम्मीदवारों के साथ रेखा अग्रवाल, कमल अग्रवाल, ममता अग्रवाल, आभा अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, सविता अग्रवाल, राघव अग्रवाल, राधिका अग्रवाल, दर्शन अग्रवाल, गणेश अग्रवाल एवं दिनेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।