लूणकरणसर में जनसमस्याओं को लेकर भीषण गर्मी में कांग्रेस का प्रदर्शन, उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

Description of image

लूणकरणसर, बीकानेर 20.05.2026,लूणकरणसर में भीषण गर्मी के बीच ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें आमजन और किसानों की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

ज्ञापन में बताया गया कि लूणकरणसर क्षेत्र इन दिनों प्रदेश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल है। ऐसे समय में अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों तक बिजली बंद रहने से जहां आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं किसानों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। बिना कारण होने वाली बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा क्षेत्र में नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पेयजल संकट को लेकर भी ज्ञापन में गंभीर चिंता जताई गई। लंबे समय से नहर बन्दी के चलते पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट गहराया हुआ है। कई गांवों में बने जल स्रोतों, डिग्गियों और जलाशयों में गंदगी जमा हो चुकी है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन से मांग की गई कि जल स्रोतों की तत्काल सफाई करवाई जाए, पानी की गुणवत्ता की जांच करवाई जाए तथा स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

 

ज्ञापन में क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री उपयोग करने का आरोप भी लगाया गया। विभिन्न स्थानों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे में निष्पक्ष जांच समिति गठित कर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच करवाई जाए और यदि सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

 

ज्ञापन में नगरपालिका क्षेत्र लूणकरणसर और नापासर में गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था को लेकर भी लोगों में भारी नाराजगी हैं। वर्तमान में गैस सिलेंडर की आपूर्ति करीब 45 दिनों बाद हो रही हैं, जबकि निर्धारित समय सीमा 25 दिन है। इससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था को सुचारु किया जाए और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

 

किसानों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि लूणकरणसर अनाज मंडी के सहकारी खरीद केंद्र पर 36 हजार बोरी गेहूं खरीद का प्रस्ताव होने के बावजूद केवल सीमित मात्रा में खरीद की गई है, जिससे किसान अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। कांग्रेस कमेटी ने खरीद प्रक्रिया को तेज करने और अधिक मात्रा में गेहूं खरीद सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा गिरदावरी रिकॉर्ड में कथित गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया गया। कई किसानों की खातेदारी भूमि में बिना सहमति के राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव किए जा रहे हैं, जो किसानों के अधिकारों के खिलाफ है। इस मामले में प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।

 

रबी फसल बीमा क्लेम का भुगतान नहीं मिलने से किसानों में रोष व्याप्त होने की बात भी ज्ञापन में कही गई हैं। लंबे समय बीत जाने के बावजूद किसानों को बीमा क्लेम राशि नहीं मिली है, जिससे आर्थिक संकट गहरा रहा है। प्रशासन से किसानों को शीघ्र बीमा भुगतान दिलाने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी पीड़ित जनता को साथ लेकर उपखंड मुख्यालय पर बड़ा विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

 

जिला कांग्रेस कमेटी देहात के अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती से जहां घरों में पेयजल संकट गहरा रहा है, वहीं किसानों की फसलें और पशुपालकों का काम भी प्रभावित हो रहा है, साथ ही छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को कई बार अवगत करवाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर प्रशासन तक उनकी समस्याएं पहुंचा रही है। यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता और गैस सिलेंडर आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।

 

डॉ. राजेन्द्र मूण्ड ने कहा कि लूणकरणसर और नापासर क्षेत्र में जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन प्रशासन संवेदनहीन बना हुआ है। नहरी पानी की कमी, गावों में जल स्रोतों, डिग्गियों और जलाशयों में गंदगी जमा हो रखी हैं, अघोषित बिजली कटौती और निर्माण कार्यों में घटिया साम्रगी का उपयोग व कथित अनियमितताओं के कारण लोगों में भारी आक्रोश है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को समस्याओं से अवगत करवा दिया गया है। यदि जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी पीड़ितजनों को साथ लेकर उपखंड मुख्यालय पर बड़ा जनआंदोलन और विरोध-प्रदर्शन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

 

प्रदर्शन के दौरान लूणकरणसर ब्लॉक अध्यक्ष अजय गोदारा, नापासर ब्लॉक अध्यक्ष लुंबाराम मेघवाल, नगर अध्यक्ष शाहनवाज पड़िहार, महासचिव महिपाल सारस्वत, एससी मोर्चा प्रदेश सचिव डॉ प्रीति मेघवाल, ब्लॉक प्रवक्ता बंशी हुड्डा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्णगोदारा, पृथ्वी मेघवाल, जिला देहात सचिव ख्याली सुथार, पूर्व सरपंच रफीक मालावत, पूर्व सरपंच बिशनदास स्वामी, पूर्व सरपंच हेतराम मेघवाल, दीनदयाल सारस्वत, कल्याण दान चारण, भूपराम बिश्नोई, जगदीश बिश्नोई, आशु सारण, रमजान रंगरेज, बीरबल मूण्ड, चंद्र प्रकाश, नरेंद्र माली, रामकुमार मूंड, दुर्गाराम टांडी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रघुवीर चौधरी, किसान नेता तोलाराम गोदारा, मंडल अध्यक्ष आत्माराम पूनियां, रामप्रताप सियाग, शाहरुख खान, रामसिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

बीकानेर को मिली राहत,21 मई से नियमित पानी सप्लाई शुरू

बीकानेर, 20 मई। जिले में 17 अप्रैल 2026 से चल रही नहरबंदी के बाद पंजाब से पानी छोड़े जाने …