
बीकानेर, 2 सितम्बर। कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी की अनुशंसा पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना, वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत कोलायत विधानसभा क्षेत्र में 6 करोड़ 25 लाख रुपये के विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है।
इस योजना के तहत कोलायत के तीन प्रमुख स्थलों पर विकास कार्य करवाए जाएंगे। इनमें विश्व प्रसिद्ध कपिल मुनि सरोवर पर जनाना घाट का निर्माण, काली नाड़ी धाम में सड़क निर्माण तथा बज्जू खालसा के राजकीय स्टेडियम का सर्वांगीण विकास शामिल है। ग्रामीण विकास विभाग, राजस्थान सरकार (अनुभाग-6) द्वारा पत्रांक F53(02)/RD/SAP/SPMZUY/Action Plan/6777-80 दिनांक 02 सितम्बर 2026 के माध्यम से इन कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
कपिल मुनि सरोवर पर बनेगा जनाना घाट
विधायक भाटी ने बताया कि कपिल मुनि सरोवर, कोलायत में जनाना घाट का निर्माण महिलाओं की सुविधा एवं पवित्र स्नान के दौरान उनकी गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए करवाया जाएगा। इस कार्य के लिए योजना मद से 3 करोड़ 50 लाख रुपये तथा विधायक कोष से 50 लाख रुपये, कुल 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
काली नाड़ी धाम तक बनेगी 2.5 किलोमीटर सड़क
विधायक भाटी ने बताया कि धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण काली नाड़ी धाम में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए कोलासर पश्चिम स्थित प्रसिद्ध भभूतासिद्ध मंदिर से ईगानप 1000 आरडी की ओर 2.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। सड़क की चौड़ाई 5.5 मीटर होगी। इस कार्य के लिए योजना मद से 1 करोड़ 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
राजकीय स्टेडियम बज्जू खालसा का होगा सर्वांगीण विकास
युवाओं में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से राजकीय स्टेडियम, बज्जू खालसा में विभिन्न खेल सुविधाओं एवं विकास कार्य करवाए जाएंगे। इनमें खो-खो मैदान, कबड्डी, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, हैंडबॉल मैदान, दर्शक दीर्घा, पवेलियन, हाईमास्ट लाइट, क्रिकेट नेट प्रैक्टिस एवं रनिंग ट्रैक सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
इन कार्यों के लिए योजना मद से 70 लाख रुपये तथा विधायक कोष से 30 लाख रुपये, कुल 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि ये तीनों कार्य लंबे समय से कोलायत की जनता एवं जनप्रतिनिधियों की प्रमुख मांग रहे हैं। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से जहां कोलायत में धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं बज्जू क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के नए अवसर मिलेंगे।
विधायक भाटी ने इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री किरोड़ी लाल मीणा का आभार व्यक्त किया।