
बीकानेर। नशामुक्त भारत अभियान के तहत बीकानेर में NCC कैडेट्स द्वारा घुड़सवार जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान 1 राजस्थान R&V स्क्वाड्रन NCC के कैडेट्स ने घोड़ों पर सवार होकर जागरूकता अभियान में हिस्सा लिया। NCC अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान केवल बीकानेर तक सीमित नहीं है, बल्कि नागौर, रोडू, बोबासर, चूरू सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी कैडेट्स द्वारा समय-समय पर नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सैमुअल प्रेम कुमार ने बताया कि नशामुक्त भारत अभियान के तहत NCC द्वारा देशभर में जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि तकनीक के विस्तार के साथ समाज में कई तरह की चुनौतियां भी सामने आई हैं, जिनमें नशीले पदार्थों का सेवन भी एक गंभीर सामाजिक समस्या है। ऐसे में युवाओं को जागरूक करना और उन्हें सही दिशा में प्रेरित करना आवश्यक है।
कर्नल प्रेम कुमार ने बताया कि NCC कैडेट्स को नशे की समस्या से जुड़े लक्षणों की पहचान, काउंसलिंग तथा समाज में जागरूकता फैलाने के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया जाता है। कैडेट्स को समाज और युवाओं को नशे से दूर रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाता है।
उन्होंने अभिभावकों और आमजन से नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज ही देश को विकास की दिशा में आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कर्नल सैमुअल प्रेम कुमार ने बताया कि NCC और केंद्र सरकार की ओर से नशामुक्त भारत अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कर्नल सैमुअल प्रेम कुमार, कमांडिंग ऑफिसर, 1 राजस्थान R&V स्क्वाड्रन NCC, NCC ग्रुप हेडक्वार्टर जोधपुर के अधीन हैं।