
बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (MGSU) के नवनियुक्त कुलपति प्रो. नरसी राम विश्नोई का बीकानेर संभाग के विभिन्न गैर-सरकारी (प्राइवेट) महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों, प्रबंधकों एवं प्राचार्यों द्वारा आत्मीय स्वागत व नागरिक अभिनंदन किया गया।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिनिधियों ने कुलपति प्रो. विश्नोई को साफा, शॉल व पुष्पगुच्छ भेंट कर पदभार संभालने पर बधाई दी और उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के चहुंमुखी विकास की कामना की।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से डॉ. किशोर सिंह राठौड़ ने कुलपति को निजी महाविद्यालयों के समक्ष आ रही विभिन्न प्रशासनिक व शैक्षणिक समस्याओं से अवगत कराया। डॉ. राठौड़ ने कहा कि आने वाले समय में महाविद्यालय और विश्वविद्यालय मिलकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करेंगे। उन्होंने महाविद्यालयों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण और नए शैक्षणिक नवाचारों को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जिलेवार महाविद्यालयों की बैठक (मीटिंग) आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे स्थानीय स्तर पर आ रही दिक्कतों का त्वरित समाधान हो सके।
कुलपति प्रो. नरसी राम विश्नोई ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालय एक ही परिवार के अंग हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों के हित में परीक्षा प्रणाली, शैक्षणिक सत्र के नियमितीकरण और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जाएगी तथा महाविद्यालयों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखा जाएगा।
कर्मचारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों का भी हुआ सम्मान
इस अवसर पर निजी महाविद्यालय परिवार के प्रतिनिधियों द्वारा विश्वविद्यालय कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कृष्ण जाट और सचिव सुभाष चंद्र का भी साफा व माल्यार्पण कर स्वागत तथा अभिनंदन किया गया। इस दौरान दोनों संगठनों (महाविद्यालय प्रतिनिधियों और कर्मचारी एसोसिएशन) की ओर से यह विश्वास जताया गया कि आने वाले समय में दोनों संगठन मिलकर विश्वविद्यालय को और अधिक मजबूत बनाएंगे तथा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक नवाचार करने के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर डॉ. किशोर सिंह राठौड़, अमीलाल धेतरवाल, डॉ दीपचंद साहू, ओम प्रकाश सैनी, मनोज कुमार सैनी, जयचंद्र सारण, सुरेश कुमार लाटा, मालम सिंह शेखावत, डॉ. आर.जी. शर्मा, भूपेंद्र लांबा, डॉ. रामचंद्र लेघा, डॉ. मृत्युंजय पारीक, दशरथ कुमार, कमल कुमार शर्मा, धन्ने सिंह, रण सिंह महला, अनिल कुमार जैन, डॉ. राम कुमार, दलीप कुमार शर्मा, दयाल सिंह एवं सुरेंद्र सारण सहित संभागभर के कॉलेजों के अनेक निदेशक, सचिव व प्राचार्य उपस्थित रहे।