
बीकानेर। लूणकरणसर में रोडवेज बस अड्डे का शुभारंभ सोमवार को प्रातः 11 बजे होगा।
उपखंड अधिकारी श्री दयानंद रूयल ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा होंगे।
रोडवेज बस अड्डे के शुरू होने से लूणकरणसर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस बंद पड़े बस स्टैंड को चालू करने की मांग करते रहे हैं। मंत्री श्री सुमित गोदारा ने क्षेत्र के लोगों की मांग व सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बंद पड़े रोडवेज बस स्टैंड पर लाखों रुपए खर्च कर नवीनीकरण करवाया है। बस स्टैंड पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
उपखंड अधिकारी श्री दयानंद रूयल ने बताया कि रोडवेज बस स्टैंड के उद्घाटन के बाद लूणकरणसर पंचायत समिति सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर मंत्री श्री गोदारा विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत व चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट देखेंगे व अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों की बैठक के बाद मंत्री गोदारा उपखंड मुख्यालय पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे।