
जयपुर, 2 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के वैशाली नगर सेवा केन्द्र, जयपुर स्थित प्रभु निधि सभागार में मंगलवार, 4 अगस्त को प्रातः 8 बजे संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में “10 करोड़ प्रतिज्ञा महाअभियान” का शुभारम्भ किया जाएगा।
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं वरिष्ठ राजयोगिनी सुषमा दीदी का विशेष सान्निध्य एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।
अभियान का उद्देश्य समाज में स्वस्थ, मूल्यनिष्ठ एवं नशामुक्त जीवनशैली के प्रति व्यापक जनजागरण करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से सकारात्मक सामाजिक वातावरण का निर्माण करना है। इसके तहत विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, महिलाओं, अभिभावकों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों को जोड़कर विकसित, सशक्त एवं नशामुक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ जीवनशैली, आत्मसंयम, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों तथा युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा। अभियान का उद्देश्य केवल प्रतिज्ञा दिलाना नहीं, बल्कि जनजागरण और सामाजिक परिवर्तन के माध्यम से स्वस्थ, संस्कारित एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
वैशाली नगर सेवा केन्द्र की प्रभारी राजयोगिनी बीके चन्द्रकला दीदी ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद्, युवा तथा प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।