सक्षम नारी, स्वस्थ बचपन, समृद्ध राजस्थान’ : राज्य स्तरीय कार्यक्रम का बीकानेर में हुआ सीधा प्रसारण

Description of image

बीकानेर, 15 अगस्त। महिला एवं बाल विकास विभाग, जयपुर द्वारा ‘सक्षम नारी, स्वस्थ बचपन, समृद्ध राजस्थान’ विषय पर 15 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का बीकानेर में भी सीधा प्रसारण किया गया। जयपुर में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम का जिला मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सीधा प्रसारण किया गया।

 

महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक डॉ नरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित रविंद्र रंगमंच में आयोजित सीधे प्रसारण कार्यक्रम में जिले से लगभग 380 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं साथिनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं साथिनों को डीबीटी के माध्यम से किए जा रहे लाभ हस्तांतरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना और उनसे सीधा संवाद स्थापित करना रहा।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने हरियाली तीज एवं रक्षाबंधन के अवसर पर महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं साथिनों को 1,100 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में हस्तांतरित की।

 

जिला स्तरीय कार्यक्रम में विभाग द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिले के समस्त ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी सीधा प्रसारण किया गया। ब्लॉक स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 566 प्रतिभागियों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 2,978 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

शिव महापुराण कथा के तृतीय दिवस बिल्वपत्र की महिमा और शिव-पार्वती विवाह प्रसंग ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

बीकानेर। शिवबाड़ी स्थित श्री ज्योत भारती जी के धूणे पर चल रही श्री शिव महापुराण कथा के तृत…