
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर चल रहा ‘ग्राम रथ अभियान’ गांव-गांव तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का नया मॉडल बनकर उभरा है। बीकानेर जिले में अभियान के पहले पंद्रह दिनों में सवा लाख से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा चुकी है। इसके लिए यह रथ साढ़े तीन सौ से अधिक ग्राम पंचायतों तक पहुंचे हैं। रथों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता, उद्योग और पंचायती राज विभाग सहित तेरह विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
बीकानेर जिले में अभियान की शुरुआत 28 अप्रैल को हुई और 12 मई तक 350 से अधिक ग्राम पंचायतों में रथ के जरिए 1 लाख 28 हजार 945 ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी मिली है। पंचायतों में रथ पहुंचने की सूचना पर आमजन में उत्साह का माहौल देखा गया है। अभियान से जुड़े 13 विभागों के 2 लाख 51 हजार 142 प्रचार साहित्य वितरित किए जा चुके हैं। वास्तव में ग्राम रथ अभियान सिर्फ सूचना देने का जरिया नहीं बल्कि योजनाओं को सरल और आसानी से समझाने का माध्यम बना है।