ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए निर्विकल्प-बीकाजी की कॅरिअर वैन वरदान साबित होगी : श्रीकिशन मूंधड़ा

Description of image

 

नापासर। ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को उनके भविष्य और कॅरिअर के लिए सही दिशा देने की दिशा में निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी के सहयोग से संचालित कॅरिअर काउंसलिंग वैन नापासर पहुँची। श्रीमती गीता देवी बागड़ी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम में नापासर के निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमती सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई के ट्रस्टी श्रीकिशन जी मूंधड़ा ने कहा कि ग्रामीण स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी की कॅरिअर काउंसलिंग वैन वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें सही समय पर उचित मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध करवाने की। उन्होंने कॅरिअर मार्गदर्शन के इस प्रयास को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए उपयोगी बताया।

 

श्री मूंधड़ा ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के सामने कॅरिअर के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता को समझते हुए भविष्य की दिशा तय करने के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलना महत्वपूर्ण है। विद्यालय स्तर पर इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त करने और अपने लक्ष्य के प्रति जागरूक होने में मदद करती है।

 

कार्यक्रम में बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने कहा कि कॅरिअर काउंसलिंग वैन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों तक कॅरिअर संबंधी उचित एवं समयबद्ध मार्गदर्शन पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि, क्षमता, योग्यता और कौशल को पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ें, यही इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

 

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं नेशनल कॅरिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दसवीं एवं बारहवीं के बाद विषय और पाठ्यक्रम का चयन सोच-समझकर करना चाहिए। उन्होंने पारंपरिक शिक्षा के साथ तकनीकी, व्यावसायिक, कौशल आधारित एवं रोजगारपरक शिक्षा के विभिन्न विकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि सही जानकारी और उचित मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कॅरिअर का चयन कर सकते हैं।

 

इस अवसर पर मुंबई में सीएफए कोर्स कर रहीं राधिका पित्ति ने कहा कि कॅरिअर काउंसलिंग वैन के माध्यम से ग्रामीण विद्यार्थियों को उनके विद्यालय में ही विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना एक उपयोगी प्रयास है। इससे विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक होने तथा सही कॅरिअर विकल्पों को समझने का अवसर मिल रहा है।

 

विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता स्वामी ने कॅरिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए यह पहल अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने बीकाजी एवं निर्विकल्प फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों के विद्यालय तक पहुँचकर कॅरिअर संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाने के प्रयास को सराहनीय बताया तथा विद्यार्थियों से कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

 

कॅरिअर काउंसलर लोचन पारीक ने विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि वैन के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न कॅरिअर विकल्पों, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास, रोजगार के अवसरों तथा विषय एवं पाठ्यक्रम चयन से संबंधित जानकारी प्रदान की जा रही है।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ‘कॅरिअर मार्गदर्शिका’ पुस्तिका का भी वितरण किया गया। पुस्तिका में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न कॅरिअर विकल्पों एवं भविष्य की तैयारी से संबंधित उपयोगी जानकारी संकलित की गई है।

 

कार्यक्रम का संयोजन मनन श्रीमाली ने किया। इस अवसर पर निर्विकल्प फाउंडेशन के बोर्ड मेंबर शैलेश पित्ति, शिक्षा विभाग के रमेश हुरकट, उद्योग संघ के सचिव वीरेंद्र किराडू, उद्योग संघ के पीआरओ सावन पारीक ने भी अपने विचार रखे। विद्यालय के उप प्राचार्य आसुराम सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

 

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से निर्विकल्प फाउंडेशन, बीकाजी एवं कॅरिअर काउंसलिंग वैन की टीम का आभार व्यक्त किया गया।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

राजीविका दीदी कैंटीन की संचालिका सीमा देवी को एक लाख रुपये का ऋण चेक प्रदान

बीकानेर। विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में राजीविका दीदी कैं…