बीकानेर , 03 नवम्बर। मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर राजस्थान के होनहार जूनियर साइकिलिस्ट हरिप्रकाश सींवर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। झारखंड की राजधानी रांची में 31 अक्टूबर से 4 नवम्बर 2026 तक आयोजित 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर एवं 41वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग प्रतियोगिता में हरिप्रकाश ने अब तक दो स्वर्ण एवं एक कांस्य पदक जीतकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत परस्यूट (Individual Pursuit) स्पर्धा में हरिप्रकाश ने मात्र 3 मिनट 37 सेकंड का समय दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ट्रैक पर उनकी शानदार गति, तकनीकी दक्षता और बेहतरीन खेल कौशल ने प्रतियोगिता में अपनी अलग पहचान बनाई। इससे पहले भी वे शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीत चुके हैं।
कोच श्रवण कुमार भाम्भू ने बताया कि हरिप्रकाश की यह उपलब्धि वर्षों के कठिन अभ्यास, निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हरिप्रकाश ने जिस आत्मविश्वास और जज्बे के साथ प्रतियोगिता में प्रदर्शन किया है, वह अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। राजस्थान में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि उन्हें उचित मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। हरिप्रकाश की सफलता प्रदेश के उभरते साइकिलिस्टों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हरिप्रकाश भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए राजस्थान के साथ देश का नाम रोशन करेगा।
हरिप्रकाश सिंवर की इस उपलब्धि पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दयाल राम सारण, राजेंद्र बिश्नोई, प्रशिक्षक जेठाराम गाट, सुरेंद्र कुकणा, मुनीराम गोदारा, पेमाराम जाट, महावीर कुकणा, सुंदर बिश्नोई, रामप्रसाद जाट एवं विजय कुमार सहित अनेक खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
