
बीकानेर, 27 जून। भगवान श्री जगन्नाथ की पावन स्नान पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार, 29 जून 2026 को प्रातः 9:30 बजे अंचाबाई अस्पताल के सामने स्थित जगन्नाथ मंदिर, बीकानेर में विशेष धार्मिक आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं को प्रभु श्री जगन्नाथ, बलभद्र जी एवं माता सुभद्रा जी के दिव्य स्नान दर्शन का पावन लाभ प्राप्त होगा। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं भक्ति-भाव के साथ भगवान का विशेष अभिषेक एवं पूजन संपन्न होगा।
मंदिर के पुजारी गणेश पांडे ने बताया कि स्नान पूर्णिमा भगवान श्री जगन्नाथ की विशेष लीलाओं से जुड़ा अत्यंत पावन पर्व है। इस दिन भगवान के दिव्य स्नान के दर्शन करने से भक्तों को विशेष पुण्य एवं आध्यात्मिक शांति की प्राप्ति होती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन में भाग लेने और प्रभु के दर्शन का लाभ लेने का आह्वान किया।
साथ ही, इस पावन अवसर पर जगन्नाथ पुरी का पवित्र महाप्रसाद (निर्माल्य) भी श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा।