
बीकानेर, 18 जुलाई। गजनेर थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए सोलर प्लांट से तार चोरी के मामले का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 37 किलो 300 ग्राम डीसी केबल (तार) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 को नोखा निवासी इन्द्रजीत सिंह ने मेघासर स्थित ब्रिज रिन्यूएबल एनर्जी प्रा. लि. के सोलर प्लांट से तार चोरी होने की रिपोर्ट गजनेर थाने में दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश (IPS), जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा (IPS) तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री बनवारीलाल मीणा (RPS) के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी कोलायत श्री संग्राम सिंह (RPS) के सुपरविजन में थानाधिकारी श्री ओमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर मामले का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान जमाल खान (26 वर्ष), निवासी रणधीसर, थाना गजनेर को केंद्रीय कारागृह बीकानेर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 100 प्रतिशत 37 किलो 300 ग्राम डीसी केबल बरामद कर ली गई।
पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों तथा घटना में प्रयुक्त वाहन के संबंध में अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार
उप निरीक्षक गजेन्द्र सिंह
कांस्टेबल कालूराम
कांस्टेबल जोगाराम
कांस्टेबल रामचन्द्र
गजनेर थाना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से सोलर प्लांट चोरी के मामले का सफल खुलासा हुआ है तथा पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।