बीकानेर। धर्मनगरी बीकानेर की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। शहर के जाने-माने कथा व्यास पंडित लक्ष्मण पारीक द्वारा रचित ‘श्री शिव महापुराण रसामृत’ ग्रंथ का विमोचन समारोह 13 नवंबर, शुक्रवार को दोपहर 1:30 बजे बाहेती भवन में आयोजित होगा।
शिव भक्ति, अध्यात्म एवं जीवन कल्याण की भावना से रचित यह ग्रंथ भगवान शिव की महिमा, धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कृति के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। ग्रंथ के रचयिता पंडित लक्ष्मण पारीक हैं, जिन्होंने अपनी इस रचना के माध्यम से शिव महापुराण की आध्यात्मिक भावधारा को साहित्यिक स्वरूप प्रदान किया है।
विमोचन समारोह में राष्ट्रीय संत सरजूदास जी महाराज, शिवबाड़ी शिवमठ के अधिष्ठाता विमर्शानंद जी महाराज, जुगल किशोर ओझा (पूजारी बाबा), यज्ञाचार्य एवं पंचांगकर्ता पंडित राजेंद्र किराडू तथा समाजसेवी राजेश चूरा अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर ग्रंथ का विमोचन करेंगे।
इस अवसर पर धर्मप्रेमियों, साहित्य अनुरागियों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में शिव महिमा, भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान की चर्चा होगी। यह आयोजन धार्मिक साहित्य एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार की दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है।
