बीकानेर, 10 नवंबर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 15 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ किया गया है।
संयुक्त निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत जिला मुख्यालय पर संचालित समस्त राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के शैक्षणिक पाठ्यक्रमों (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय) में नियमित अध्ययनरत ऐसे छात्र (बालक), जो घर से दूर रहकर अन्य स्थान पर कमरा किराये पर लेकर अथवा पेइंग गेस्ट के रूप में अध्ययन करते हैं, उन्हें आवास, भोजन एवं बिजली-पानी आदि सुविधाओं के पुनर्भरण के लिए प्रतिमाह 2,000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है। यह राशि अधिकतम 10 माह तक प्रतिवर्ष देय होगी।
उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राजकीय महाविद्यालयों की स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में नियमित अध्ययनरत अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अति पिछड़ा वर्ग (MBC), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) एवं अल्पसंख्यक वर्ग (Minority) के विद्यार्थी योजना का लाभ प्राप्त करने के पात्र होंगे।
योजना के लिए अभिभावकों की वार्षिक आय सीमा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अति पिछड़ा वर्ग के लिए 2.50 लाख रुपये, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1.50 लाख रुपये तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 1 लाख रुपये अधिकतम निर्धारित की गई है।
योजना के लिए आवेदन जनाधार कार्ड के माध्यम से ई-मित्र अथवा एसएसओ आईडी से ऑनलाइन किया जा सकता है। आवेदन की विस्तृत जानकारी एवं दिशा-निर्देश विभाग की वेबसाइट https://sje.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध हैं। आवेदन के लिए https://sso.rajasthan.gov.in एवं https://sjms.rajasthan.gov.in पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है।
आवेदन के साथ अपलोड किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों में सक्षम अधिकारी द्वारा जारी मूल निवास प्रमाण-पत्र, जिला मुख्यालय स्थित राजकीय महाविद्यालय में नियमित अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र, स्व-प्रमाणित किराये के मकान का प्रमाण-पत्र अथवा किराये की रसीद की प्रति, गत वर्ष उत्तीर्ण कक्षा की अंकतालिका की प्रति तथा जनाधार कार्ड से संबंधित आवश्यक विवरण शामिल हैं। इनमें आधार संख्या, जाति, परिवार की आय एवं विद्यार्थी के बैंक खाते का विवरण जनाधार वेब सर्विस के माध्यम से ऑनलाइन लिया जाएगा।
विभाग ने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
