
बीकानेर, 08 अगस्त। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) रेंज स्तर पर पुलिस मोटर ड्राईविंग स्कूल, बीकानेर में आयोजित की जा रही है। परीक्षा का आयोजन 03 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है।
शनिवार, 08 अगस्त 2026 को राजस्थान के विभिन्न जिलों से कुल 350 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया गया था। इनमें से 282 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 72 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की व्यवस्थाओं एवं प्रक्रिया की निगरानी महानिरीक्षक पुलिस, बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश की अध्यक्षता में की गई। इस दौरान श्री प्रहलाद सिंह कृष्णिया, उप महानिरीक्षक पुलिस, सीआईडी (सीबी), राजस्थान, जयपुर सदस्य तथा श्री मृदुल कच्छावा, जिला पुलिस अधीक्षक, बीकानेर सदस्य सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शारीरिक दक्षता परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सम्पन्न करवाने के लिए पुलिस विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित नियमों एवं मापदंडों का पूर्ण रूप से पालन किया जा रहा है।
बीकानेर रेंज में भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।