बीकानेर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के दूसरे दिन व्याख्यानमाला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, विरासत तथा देश की आजादी में जनजातीय नायकों के महत्वपूर्ण योगदान से परिचित करवाया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार पुरोहित ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को समझना युवा पीढ़ी के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा जनजातीय समाज के इतिहास एवं स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को जानने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सत्यनारायण जाटोलिया ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों से जनजातीय समाज के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, जनजातीय नायकों और उनके ऐतिहासिक संघर्षों से जुड़े प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी जानकारी और प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम की सह-संयोजक डॉ. शशि बेसरवारिया ने बताया कि युवा संसद कार्यक्रम में महाविद्यालय पहुंचे भारत सरकार के कानून एवं न्याय तथा संस्कृति एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने जनजातीय गौरव दिवस के पोस्टर का विमोचन किया। साथ ही प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशि बेसरवारिया ने किया। इस अवसर पर एनएसएस, एनसीसी एवं स्काउट के विद्यार्थी तथा महाविद्यालय के संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
