बीकानेर, 3 नवम्बर। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन ने पंचायती राज आम चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जोधासर में स्थापित चार मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस श्री मनु गर्ग साथ रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर की गई आवश्यक सुविधाओं, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर, मतदान प्रतिशत, मतदान दल कार्मिकों द्वारा की जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान केंद्र से सौ और दो सौ मीटर की दूरी पर निर्धारित पाबंदियों की पालना पूर्ण सख्ती से की जाए। सभी कार्मिक अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। पुलिस कर्मी भी मुस्तैद रहें और प्रत्येक स्थिति पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी दवाब और भय के मतदान कर सके, यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश स्पष्ट हैं। इनकी पालना की जाए। उल्लेखनीय है कि पंचायती राज आम चुनाव के तीसरे चरण में श्रीडूंगरगढ़, लूणकरणसर और रीडी पंचायत समिति क्षेत्र में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान किया जा रहा है।
