खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा ‘महाराजा करणी सिंह खेल अवार्ड’, अंतरमहाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ

 

बीकानेर , 17 नवम्बर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की अंतरमहाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का सोमवार को श्री एस.जी.एन. खालसा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, श्रीगंगानगर में भव्य शुभारम्भ हुआ। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारम्भ की घोषणा की तथा खेल मशाल प्रज्वलित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 17 से 19 नवंबर तक आयोजित की जा रही है।

 

शुभारम्भ समारोह में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की टीम ने कुलगुरु को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाली विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट कर सलामी दी। समारोह में खेलों के प्रति उत्साह, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना देखने को मिली।

 

इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय का शैक्षणिक परिवार अत्यंत विस्तृत है। वर्तमान में विश्वविद्यालय से लगभग 509 महाविद्यालय संबद्ध हैं। यह गर्व का विषय है कि प्रतिवर्ष लगभग 125 महाविद्यालयों की टीमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेती हैं तथा करीब 500 विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। यह सहभागिता दर्शाती है कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी अपनी अलग पहचान बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

 

उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये जीवन को समझने और आगे बढ़ने की महत्वपूर्ण पाठशाला हैं। खेलों से अनुशासन, समय का महत्व, परिश्रम, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का विकास होता है। प्रतियोगिता में जीतना गर्व की बात है, लेकिन ईमानदारी, निष्ठा और खेल भावना के साथ भाग लेना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। एक अच्छा खिलाड़ी वही है, जो जीतने पर विनम्र रहे और हारने पर निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़े। प्रतिद्वंद्वी और निर्णायकों का सम्मान करना तथा नियमों का पालन करना ही सच्ची खेल भावना है।

 

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू किया ‘महाराजा करणी सिंह खेल अवार्ड’

 

कुलगुरु ने विश्वविद्यालय की खेल गतिविधियों में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘महाराजा करणी सिंह खेल अवार्ड’ प्रदान करने की पहल शुरू की गई है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा और प्रोत्साहन मिलेगा।

 

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय एवं खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 स्वर्ण, 4 रजत और 13 कांस्य पदक अर्जित किए हैं। वहीं विश्वविद्यालय के दो खिलाड़ियों का वर्ल्ड यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के लिए चयन होना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय की खेल उपलब्धियों का महत्वपूर्ण प्रमाण है।

 

प्रो. बिश्नोई ने कहा कि विश्वविद्यालय में विकसित की जा रही खेल सुविधाएं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय अब उच्च शिक्षा केंद्र के साथ-साथ स्पोर्ट्स हब के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।

 

अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं के लिए लाखों रुपये की प्रोत्साहन राशि

 

कुलगुरु ने खिलाड़ियों के लिए विश्वविद्यालय की पुरस्कार योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को एक लाख रुपये तथा व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जा रही है। इसी प्रकार रजत पदक विजेता टीम को चार लाख रुपये तथा प्रत्येक खिलाड़ी को 75 हजार रुपये, जबकि कांस्य पदक विजेता टीम को तीन लाख रुपये तथा प्रत्येक खिलाड़ी को 50 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।

 

इसके अतिरिक्त खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स एवं अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को भी विश्वविद्यालय की ओर से पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जा रहा है।

 

समारोह के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुप्रिया जैन ने मुख्य अतिथि कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों एवं पर्यवेक्षकों, महाविद्यालय प्रबंधन, आयोजन समिति, स्पोर्ट्स डायरेक्टर, खेल अधिकारियों, प्रशिक्षकों, टीम प्रबंधकों तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का धन्यवाद किया।

 

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए अनुभव प्राप्त करने, अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने तथा खेलों के माध्यम से आपसी जुड़ाव मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं सभी सहयोगियों की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के आगामी दिनों के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

गोपाष्टमी पर गौसेवा और भक्ति का संगम, संतों के सानिध्य में गूंजे गौमाता के जयकारे

  बीकानेर, 17 नवम्बर। गोपाष्टमी महापर्व के अवसर पर श्री गंगा जुबिली पिंजरा पोल गौशाला…