बीकानेर, 21 नवम्बर। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में आयोजित उन्नत बकरा-बकरी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग डॉ. नवीन परिहार ने कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने मेले में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं नवाचारों की जानकारी दी।
कुलगुरु डॉ. व्यास ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला ऊंटों एवं अन्य पशुओं के व्यापार के लिए विशेष पहचान रखता है। मेले में उच्च गुणवत्ता वाले घोड़ों के साथ बकरा-बकरियों की भी बड़ी संख्या में खरीद-फरोख्त हो रही है। उन्होंने अश्वपालकों, बकरीपालकों एवं ऊंटपालकों से संवाद कर पशु व्यापार की वर्तमान स्थिति, पशुपालन क्षेत्र में संभावनाओं तथा भविष्य में रोजगार के अवसरों पर चर्चा की।
उन्होंने पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए पशुपालकों के अनुभवों और व्यवसाय से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी ली।
इस दौरान राजुवास के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. देवी सिंह, पशुपालन विभाग के डॉ. चक्रवर्ती सिंह बीका एवं डॉ. मृणाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
