बीकानेर, 21 नवंबर। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजूवास), बीकानेर की ओर से प्रदेश के वेटरनरी महाविद्यालयों में बी.वी.एस.सी. एंड ए.एच. स्नातक पाठ्यक्रम सत्र 2026-27 में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए मॉप-अप राउंड काउंसलिंग 27 नवंबर को आयोजित की जाएगी। यह काउंसलिंग तृतीय चरण के बाद रिक्त रही स्टेट एवं मैनेजमेंट कोटे की सीटों के लिए होगी।
स्नातक प्रवेश बोर्ड के चेयरमैन प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने बताया कि काउंसलिंग के पूर्व चरणों में अनुपस्थित रहे, प्रवेश निरस्त करवाने वाले, आवेदन रद्द किए गए अथवा शुल्क जमा नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों सहित सभी नीट क्वालीफाइड आवेदनकर्ता मॉप-अप राउंड में भाग ले सकेंगे।
हालांकि, केंद्रीय काउंसलिंग के पूर्व चरणों में किसी भी कॉलेज में प्रवेश प्राप्त कर चुके अभ्यर्थी इस काउंसलिंग के लिए पात्र नहीं होंगे। मॉप-अप राउंड में भाग लेने के इच्छुक ऐसे अभ्यर्थियों को अंतिम रिक्त सीट मैट्रिक्स जारी होने से पहले अपना पूर्व प्रवेश निरस्त करवाना अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 21 नवंबर को रिक्त सीटों की संभावित सूची प्रदर्शित कर दी गई है, जबकि रिक्त सीटों की अंतिम सूची 25 नवंबर को शाम 5 बजे के बाद जारी की जाएगी। मॉप-अप राउंड काउंसलिंग 27 नवंबर को वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर में होगी। इसमें भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित शुल्क के साथ ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।
नव प्रवेशित विद्यार्थियों की संबंधित महाविद्यालयों में कक्षाएं 1 दिसंबर से प्रारंभ होंगी। प्रवेश एवं काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.rajuvas.ac.in पर उपलब्ध है।
