बीकानेर, 27 अक्टूबर।
महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत गोदित गांवों रिडमलसर पुरोहितान और उदासर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
अभियान की शुरुआत कुलपति प्रोफेसर नरसी राम बिश्नोई ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं अभियान से जुड़ी टीमों को बसों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना करके की।
अभियान के अंतर्गत रिडमलसर पुरोहितान स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के देवीकुंड सागर झील परिसर में विशेष सफाई कार्य किया गया। वहीं, उदासर गांव स्थित शिव मंदिर पार्क की साफ-सफाई कर उसे अधिक स्वच्छ एवं जनोपयोगी बनाने की दिशा में प्रयास किए गए।
गोदित गांव प्रभारी डॉ. गौतम कुमार मेघवंशी तथा सह-प्रभारी डॉ. संतोष कंवर शेखावत के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की जिम्मेदारी को समझा।
इस दौरान विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखेंगे। साथ ही बीकानेर शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाएंगे।
विश्वविद्यालय की इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने और स्वच्छता को जनभागीदारी का अभियान बनाने का संदेश दिया गया।
