बीकानेर/नोखा। रोटरी क्लब नोखा की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को रोटरी भवन में क्लब अध्यक्ष रोटे. राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बीकानेर रोटरी क्लब के सदस्य एवं RID 3053 के वर्ष 2028-29 के गवर्नर रोटे. मनीष तापड़िया, रोटे. प्रदीप लाट तथा रोटे. संजय छींपा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में क्लब की भावी योजनाओं, जनसेवा गतिविधियों के विस्तार तथा नोखा में रोटरी की पहचान को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में RID 3053 के वर्ष 2028-29 के गवर्नर रोटे. मनीष तापड़िया ने रोटरी इंटरनेशनल की कार्यप्रणाली, गतिविधियों एवं सेवा प्रकल्पों की जानकारी देते हुए सदस्यों से नोखा में रोटरी की सेवाओं को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा के कार्यों के माध्यम से संस्था की पहचान समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचनी चाहिए।
रोटे. प्रदीप लाट ने क्लब के पास उपलब्ध भूखंड पर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप शीघ्र भवन निर्माण करवाने का सुझाव दिया। उन्होंने इस भवन में फिजियोथेरेपी जैसी स्थाई जनसेवा गतिविधि शुरू करने की आवश्यकता बताई, जिससे क्षेत्र के लोगों को नियमित रूप से लाभ मिल सके।
वहीं रोटे. संजय छींपा ने 25, 26 एवं 27 दिसंबर को बीकानेर में आयोजित होने वाली रोटरी कॉन्फ्रेंस में अधिकाधिक सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की तथा समय रहते पंजीकरण करवाने का आग्रह किया।
क्लब अध्यक्ष रोटे. राजेश अग्रवाल ने कहा कि नोखा रोटरी क्लब की प्राथमिकता उपलब्ध भूखंड पर जल्द से जल्द आवश्यकतानुसार भवन निर्माण करवाना है। इसके लिए एक-दो उदारमना भामाशाहों से बातचीत की जा रही है। उन्होंने क्लब की वर्तमान गतिविधियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
बैठक के प्रारंभ में रोटे. ईश्वर चंद बैद, रोटे. कैलाश झंवर एवं रोटे. शिवकरण डेलू ने बीकानेर से आए अतिथियों का स्वागत किया। रोटे. किशोरी लाल दम्माणी ने जिन सदस्यों की सदस्यता फीस बकाया है, उनसे शीघ्र जमा करवाने की अपील की।
रोटे. ओम प्रकाश राठी ने जानकारी दी कि बैठक में ही बीकानेर कॉन्फ्रेंस में नोखा से दस सदस्यों की भागीदारी की सहमति मिल गई है। इनका पंजीकरण अगले दिन करवाया जाएगा। अन्य इच्छुक सदस्यों का भी पंजीकरण करवाने की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में रोटे. ईश्वर चंद दूगड़, रोटे. अनवर अली निर्बाण एवं रोटे. कैलाश पारीक सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में क्लब सचिव रोटे. राम गोपाल चाण्डक ने बीकानेर से पधारे रोटेरियन बंधुओं का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग की अपेक्षा जताई।
