बीकानेर। मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर परिवादी के घर पर फायरिंग करने, दहशत फैलाने तथा घर के बाहर खड़ी बोलेरो कैंपर गाड़ी को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने का आरोप है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश एवं घटना के संबंध में गहन अनुसंधान कर रही है।
यह है मामला
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को परिवादी कौशल के घर पर संतोष बिश्नोई, लक्की बिश्नोई, सुरेंद्र सिंह उर्फ धोलू हरियाणा, विष्णु बिश्नोई, बजरंग चांडासर, मुकेश बिश्नोई सहित 4-5 अन्य व्यक्ति बोलेरो एवं स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर आए। आरोपियों ने परिवादी के घर पर फायरिंग की तथा घर के बाहर खड़ी बोलेरो कैंपर गाड़ी को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस थाना मुक्ताप्रसाद नगर में मुकदमा संख्या 281/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दो आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थानाधिकारी विश्वजीत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश करते हुए जयसुखराम उर्फ लक्की बिश्नोई और गोपीराम भार्गव को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
1. जयसुखराम देहड़ू उर्फ लक्की बिश्नोई (24) पुत्र बजरंग लाल बिश्नोई, निवासी जेंगला, थाना नोखा, बीकानेर।
2. गोपीराम भार्गव (21) पुत्र प्रभुराम भार्गव, निवासी गंगाशहर स्कूल के पास, थाना मुक्ताप्रसाद नगर, बीकानेर।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जयसुखराम के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े तथ्यों को लेकर अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी विश्वजीत सिंह, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह मीणा, कांस्टेबल छगनलाल (1223), कांस्टेबल पंकज (1035) और कांस्टेबल प्रकाश रत्नू (813) शामिल रहे।
