
बीकानेर, 02 मई। केंद्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने जनगणना-2027 के तहत शनिवार को स्वगणना की और आमजन का आह्वान किया कि राष्ट्रीय महत्त्व के इस कार्य में सभी अपना सकारात्मक सहयोग दें।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनगणना के यह आंकड़े देश का भविष्य तय करेंगे। इसके अनुसार ही योजनाएं और कार्यक्रम बनेंगे, जिनका लाभ अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को लाभ मिलेगा। इससे देश और प्रदेशों के विकास की दिशा और नीतियां तय होंगी। उन्होंने कहा कि सभी अपना सकारात्मक योगदान दें, जिससे शिक्षा, चिकित्सा, सड़क जैसी आधारभूत संरचनाओं के विकास की राह तय हो सके।
श्री मेघवाल ने बताया कि प्रदेश में जनगणना का पहला चरण शुरू हो चुका है। इसके तहत 1 से 15 मई तक नागरिकों द्वारा ऑनलाइन मोड पर स्वगणना की जानी है। इससे कोई भी वंचित नहीं रहे तथा सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि इसी चरण में 16 मई से 14 जून तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्रित की जाएगी। इसके लिए प्रदेश भर में सभी आवश्यक तैयारियां की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शी तरीके से की जा रही है। प्रत्येक नागरिक को इसमें भागीदारी निभाते हुए सभी जानकारियां सटीक तरीके से उपलब्ध करवाने की जरूरत है।
इस दौरान श्री श्याम पंचारिया, सांख्यिकी विभाग के संयुक्त निदेशक और उप जनगणना अधिकारी श्री धर्मपाल खींचड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।