अपराधिक मानव वध के प्रयास के मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार

Description of image

बीकानेर, 17 अगस्त। पुलिस मुख्यालय द्वारा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर जिले में पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए पांचू थाना क्षेत्र में आपराधिक मानव वध के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी थाना पांचू के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल थे।

पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा आईपीएस तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री बनवारीलाल मीणा आरपीएस के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। उप अधीक्षक पुलिस वृत्त नोखा श्री जनरल सिंह एवं थाना पांचू थानाधिकारी श्री ईश्वर प्रसाद के निकटतम सुपरविजन में पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया।

टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल थे आरोपी

पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के गैर अनुसंधान प्रकरणों में एक माह से अधिक समय से फरार चल रहे अपराधियों को टॉप-10 में शामिल कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रकरण संख्या 203/2026 में वांछित दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन पुत्र बुधराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी साईसर, थाना पांचू, जिला बीकानेर तथा रामस्वरूप पुत्र धूड़ाराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी धरणोक, थाना पांचू, जिला बीकानेर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आपराधिक मानव वध के प्रयास की श्रेणी के मामले में फरार चल रहे थे।

मोटरसाइकिल रोककर लाठी-सरिये से हमला करने का आरोप

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 9 जुलाई 2026 की है। परिवादी गंगाविशन विश्नोई निवासी धरणोक ने 10 जुलाई को पर्चा बयान दर्ज करवाया था। परिवादी के अनुसार वह 9 जुलाई को गांव धरणोक से अपनी ढाणी की ओर जा रहा था।

गांव से बाहर निकलने के बाद बीच रास्ते में आरोपियों ने पिकअप वाहन में सवार होकर परिवादी की मोटरसाइकिल के आगे अपनी गाड़ी लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी एवं सरिये से गंगाविशन के साथ जान से मारने की नीयत से मारपीट की। हमले में उसके पैर एवं शरीर पर गंभीर चोटें पहुंचाने का आरोप है।

परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा फायरिंग करने का प्रयास भी किया गया। इसके अलावा परिवादी के साथ मौजूद मोटरसाइकिल चालक के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें थाना पांचू के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल किया।

पीसी रिमांड प्राप्त, बरामदगी के प्रयास जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपियों का पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा घटना में प्रयुक्त हथियार एवं अन्य सामग्री की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद, एसआई रामनिवास, हेड कांस्टेबल रणछोड़राम, कांस्टेबल धनाराम सहित थाना पांचू की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वांछित एवं फरार अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love
Load More Related Articles
Load More By sachrajasthan
Load More In Uncategorized
Comments are closed.

Check Also

नयाशहर थाना पुलिस की कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थ रखने और खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ अभियान जारी

बीकानेर, 17 अगस्त। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार बीकानेर रेंज में मादक पदार्थों की तस्कर…