
बीकानेर, 29 जुलाई। बीकानेर शहर में संचालित अवैध एवं अनियमित टैक्सियों के खिलाफ यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जांच के दौरान दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर 20 से अधिक तीन पहिया यात्री टैक्सियों को सीज किया है।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज एवं जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर तथा पुलिस उप अधीक्षक यातायात के सुपरविजन में यातायात पुलिस द्वारा जिले में संचालित टैक्सियों की जांच का विशेष अभियान चलाया गया।
यातायात थाना प्रभारी कानाराम, पुलिस निरीक्षक ने बताया कि शहर में संचालित तीन पहिया यात्री टैक्सियों के संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसके मद्देनजर यातायात पुलिस टीम द्वारा टैक्सियों की जांच की गई।
जांच के दौरान टैक्सी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों के परमिट, बीमा, रजिस्ट्रेशन सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। विशेष रूप से परमिट की वैधता की जांच की गई। जिन टैक्सियों के परमिट, बीमा एवं अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं पाए गए, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहनों को सीज किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर 20 से अधिक टैक्सियों को सीज किया गया। पुलिस ने बताया कि टैक्सियों की जांच एवं नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। यातायात नियमों की पालना कर सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।