
बीकानेर, 29 जुलाई। पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान एवं बीकानेर रेंज में संचालित “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत नाल थाना पुलिस द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नाल बड़ी में नशा मुक्ति एवं साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को बढ़ते अपराधों, नशे के दुष्प्रभावों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण, यातायात नियमों की पालना तथा नए कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए मोबाइल एवं सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करना चाहिए। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी चाहिए।
इसके साथ ही क्षेत्र में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों एवं आमजन से नशे से दूर रहने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने “ऑपरेशन नीलकंठ” अभियान के उद्देश्यों के बारे में जानकारी देते हुए नशा तस्करों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने एवं अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा समाज को अपराध मुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर हेड कांस्टेबल मदनलाल, हेड कांस्टेबल गौरिशंकर (3018), विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिकिशन मेहरड़ा सहित स्कूल स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। पुलिस द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।