बीकानेर। खेल प्रतिभाओं की धरती बीकानेर के युवा फुटबॉल खिलाड़ी पीयूष पुगलिया ने अपनी मेहनत, लगन और शानदार खेल कौशल के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन उत्तर प्रदेश के बलिया में 2 से 6 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंडर-17 स्कूली नेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए हुआ है। पीयूष के चयन की खबर से मास्टर उदय फुटबॉल क्लब में खुशी और उत्साह का माहौल है।
मास्टर उदय फुटबॉल समिति के सचिव शंकर बोहरा ने पीयूष के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और फुटबॉल के प्रति समर्पण का परिणाम है। पीयूष ने अपने खेल कौशल और अनुशासन से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर क्लब के NIS कोच नारायण बिस्सा, शिव शंकर जागा, महेंद्र व्यास एवं अमित व्यास ने पीयूष को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
क्लब पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि पीयूष राष्ट्रीय स्तर पर अपने शानदार खेल से बीकानेर का नाम रोशन करेंगे। उनका चयन क्लब के लिए गौरव की बात है और इससे अन्य युवा खिलाड़ियों को भी फुटबॉल में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
